श्रीडूंगरगढ टुडे 28 जुलाई 2026
जसरासर तहसील क्षेत्र की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीदासरिया में विषयानुसार शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, नोखा को दिए गए ज्ञापन की तीन दिन की समय-सीमा समाप्त होने के बावजूद विद्यालय में आवश्यक विषयों के शिक्षक नियुक्त नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में तीन शिक्षकों के डेपुटेशन आदेश जारी हुए हैं, लेकिन उनकी नियुक्ति विद्यालय की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। इससे संस्कृत, अंग्रेज़ी, गणित और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से एक अध्यापक लेवल प्रथम, एक अध्यापक लेवल द्वितीय तथा वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत, अंग्रेज़ी, गणित एवं विज्ञान) के स्वीकृत पदों पर विषयानुसार योग्य शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है। इस दौरान पूर्व सरपंच राजूराम घणघस, वार्ड पंच श्रवण कुमार लूखा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
सामाजिक कार्यकर्ता सोहन लाल मेघवाल ने कहा कि यह मांग किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिकार के लिए है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नियुक्तियां नहीं हुईं तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होंगे।




