श्रीडूंगरगढ टुडे 31 अगस्त 2026
नगरपालिका चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा के तुरंत बाद चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को पार्टी प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के पश्चात विधायक ताराचंद सारस्वत ने अपने आवास स्थित कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और सभी प्रत्याशियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक के दौरान विधायक सारस्वत ने उपस्थित प्रत्याशियों और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सारस्वत ने सभी कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और हर हाल में जीत दर्ज करने का आह्वान किया।
श्रीडूंगरगढ़ में जारी विकास कार्यों की गति को बनाए रखने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास यात्रा को और आगे बढ़ाने के लिए नगरपालिका में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनना आवश्यक है। इस अवसर पर पार्टी के सभी 40 घोषित प्रत्याशी और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।








