श्रीडूंगरगढ टुडे 5 सितंबर 2026
क्षेत्र में लोक आस्था और भक्ति का प्रतीक ‘गोगा नवमी’ का पर्व शनिवार को पूरी श्रद्धा, हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही गोगाजी महाराज के मंदिरों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
मोमासर बास स्थित गोगाजी महाराज के मंदिर में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। मंदिर प्रांगण “जय गोगाजी महाराज की” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। पुरुष, महिलाओं और बच्चों ने कतारबद्ध होकर गोगाजी महाराज के दर्शन किए और धोक लगाकर परिवार में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
घरों में परंपरागत विधि-विधान से हुआ पूजन
मंदिरों के साथ-साथ घरों में भी गोगा नवमी की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। महिलाओं ने सुबह स्नान-ध्यान के बाद परंपरागत विधि-विधान से गोगाजी महाराज की पूजा की तथा परिवार की सुख-शांति व संतान की दीर्घायु एवं मंगलकामना की।
खीर और नारियल-पताशों का लगाया भोग
लोक परंपराओं के अनुसार इस दिन घरों में विशेष प्रसाद तैयार किया गया। गोगाजी महाराज को खीर, नारियल और पताशों का भोग अर्पित किया गया। पूजन के पश्चात कई परिवारों में पारंपरिक रूप से तैयार प्रसाद को परिजनों और पड़ोसियों में वितरित कर आपस में खुशियां बांटी गईं।






