श्रीडूंगरगढ टुडे 13 सितंबर 2026
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश स्तरीय टीमों और प्रभारियों की आधिकारिक घोषणा की गई है।
प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल की ओर से जारी इस विस्तृत योजना में क्षेत्र के युवा नेता अनिल जोशी को बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महीने भर चलने वाले वृहद अभियान में अनिल जोशी को ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम की समन्वय टोली का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग और आम नागरिकों को कम से कम एक या दो सेवा कार्यों से जोड़ना है, ताकि जन-जन तक समाज सेवा का यह संदेश पहुंचे।
इस विशेष अभियान को गति देने के लिए बनी समन्वय टोली में अनिल जोशी के साथ कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, प्रदेश मंत्री आईदान सिंह भाटी और पूर्व मंत्री सुशील कटारा जैसे अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। यह पूरी टीम मिलकर प्रदेश भर में 25 अलग-अलग सेवा कार्यों की रूपरेखा तैयार करेगी और आम लोगों को सीधे संगठन की जनहितैषी गतिविधियों से जोड़ेगी। प्रदेश नेतृत्व को उम्मीद है कि अनिल जोशी के संगठनात्मक अनुभव से यह अभियान जमीनी स्तर पर बेहद सफल रहेगा और पूरे राज्य में सेवा की एक नई लहर पैदा करेगा।



