श्रीडूंगरगढ टुडे 20 सितंबर 2026
बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिले भर में मादक पदार्थों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई लगातार जारी है । इसको लेकर श्रीडूंगरगढ़ थाना अधिकारी अधिकारी कश्यप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। मंगलवार को सब इंस्पेक्टर मोहनलाल कड़वासरा की टीम ने दो युवकों को मादक पदार्थ गांजे सहित गिरफ्तार किया था। मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी मिलाते हुए पुलिस बिहार तक जा पहुंची और मुख्य सप्लायर को बिहार से गिरफ्तार कर लिया।
श्रीडूंगरगढ़ पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों ही आरोपी अर्जुन यादव पुत्र जयराम यादव उम्र 30 साल निवासी बिशनपुर पुलिस थाना फुलपरास जिला मधुबनी एवं अमित ठाकुर पुत्र उपेंद्र ठाकुर जाति नाई 32 साल निवासी भादानी बगीची गोपेश्वर बस्ती पुलिस थाना गंगाशहर से हुई। पूछताछ के बाद बिहार निवासी सप्लायर तेज नारायण यादव का नाम सामने आया था।
श्रीडूंगरगढ़ थाना अधिकारी कश्यप सिंह ने एक टीम बनाकर बिहार भेजी जिसमें एएसआई सुरेश कुमार गुर्जर, हेड कांस्टेबल लेखराम, कांस्टेबल राकेश कैलाश को शामिल किया गया। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर 1815 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 35 घंटे में बिहार के मधुबनी जिले में पहुंची। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस आरोपियों द्वारा बताए गए इलाके में चावल के खेतों में से कीचड़ को पार करते हुए नेपाल बॉर्डर से 300 मीटर पहले आरोपी तेज नारायण यादव को दबोच लिया और आरोपी को पुलिस स्थानीय झंझारपुर न्यायालय लेकर पहुंची वहां से ट्रांजिट डिमांड लेकर पुलिस रवाना हो गई और आज आरोपी को एनडीपीएस न्यायालय में पेश कर दिया।
आरोपी को पकडऩे से पहले श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने बिहार पुलिस के स्पेशल सेल के पुलिसकर्मी होने का परिचय देकर आरोपी को विश्वास में लिया और विश्वकर्मा पूजा के दौरान किसी मामले में वांछित होने का आरोप लगाकर पूछताछ के बहाने उठाकर स्थानीय न्यायालय ले गई। आरोपी युग का पिता स्थानीय उप सरपंच होने के कारण पुलिस को फूंक फूंक कर कदम उठाना पड़ा, लेकिन आखिरकार पुलिस को पूरी सफलता हाथ लगी। इस पूरी कार्रवाई में जिन पुलिसकर्मियों का शामिल किया गया उनके कदकाठी और रहन-सहन बिहार पुलिस जैसा था ताकि किसी भी तरह से आरोपियों को कोई भनक न लग सके। इस दौरान स्थानीय पुलिस का भी योगदान रहा, जिससे आरोपी पकड़ा गया। नेपाल वोटर होने की वजह से आरोपी के फरार होने की भी पूरी तरह से आशंका थी, लेकिन पुलिस द्वारा सही तरीके से मॉनिटरिंग की वजह से आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया । बीकानेर पुलिस का लगातार नशे के नेटवर्क को तोडऩे का अभियान निरंतर जारी है।











