श्रीडूंगरगढ़ टुडे 30 सितंबर 2026
प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘विकास रथ यात्रा’ बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ देहात मंडल के विभिन्न गांवों में पहुंची। यात्रा के दौरान हेमासर, बेणीसर, लखासर, जोधासर, झझेऊ, सेरूणा, पूनरासर, माणकासर एवं डेलवा सहित कई गांवों में भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और उत्साह के साथ रथ का भव्य स्वागत किया।

विकास रथ यात्रा के जरिए केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितैषी नीतियों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

माणकासर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
यात्रा के माणकासर पहुंचने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को साझा किया।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूती पर जोर
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर चुनाव में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

ये रहे उपस्थित
इस दौरान भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष एवं विकास रथ प्रभारी महेंद्र सिंह तंवर, देहात महामंत्री जगदीश पारीक, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष उत्तम नाथ सिद्ध, मोहन नाथ सिद्ध, देवनाथ जी, मोहन सिंह देवड़ा, अभय सिंह, मोती सिंह जोधासर, जेठनाथ झझेऊ, गौरीशंकर स्वामी सेरूणा, भागीरथ सिंह झझेऊ, मुनिनाथ पूनरासर, नाथूनाथ पूनरासर, मोहन जी कुलड़िया, हनुमान जी शर्मा, जुगल जी स्वामी, मंडल उपाध्यक्ष भीम सिंह माणकासर, राम सिंह माणकासर, देवकरण जी पारीक और सहीराम डेलू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।











