श्रीडूंगरगढ़ टुडे 1 अक्टूबर 2026
कस्बे के वार्ड नंबर 35 के निवासियों को लंबे समय बाद पेयजल समस्या से बड़ी राहत मिली है। वार्ड में करीब 1.5 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाकर गुरुवार से पानी की आपूर्ति विधिवत रूप से शुरू कर दी गई है।
भाजपा के पूर्व पार्षद लोकेश गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय विधायक ताराचन्द सारस्वत के निर्देशन में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया है। क्षेत्र की खास बात यह रही कि जिन गलियों में आज तक पाइपलाइन बिछी ही नहीं थी, वहां अब सीधे नेचर पार्क ट्यूबवेल से पानी पहुंचने लगा है।

100 से अधिक घरों को मिली राहत
लोकेश गौड़ ने बताया कि नई पाइपलाइन मघराज प्रजापत के घर की गली से अंतिम छोर तक तथा राधेश्याम खंडेलवाल के घर वाली गली में अंतिम छोर तक बिछाई गई है। इन दोनों गलियों की नई पेयजल लाइन को सीधे नेचर पार्क ट्यूबवेल से जोड़कर जलापूर्ति शुरू की गई है, जिससे दोनों गलियों के 100 से अधिक परिवारों को सीधे तौर पर पेयजल संकट से मुक्ति मिली है।

स्थानीय निवासियों ने जताया आभार
लंबे समय से पाइपलाइन की सुविधा से वंचित इन गलियों में नल से जल पहुंचते ही स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों ने इस राहत कार्य के लिए विधायक ताराचंद सारस्वत का आभार व्यक्त किया।
गौड़ ने आगे बताया कि केवल पाइपलाइन ही नहीं, बल्कि नेचर पार्क ट्यूबवेल के पानी की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी विधायक लगातार प्रयासरत हैं, ताकि संपूर्ण क्षेत्र के लोगों को बेहतर और मीठा पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।











