श्रीडूंगरगढ टुडे 5 अक्टूबर 2026
राजस्थान पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेरूणा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब दो वर्ष से फरार एक स्थायी वारंटी और देशनोक थाने के एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और वृत्ताधिकारी श्रीडूंगरगढ़ के सुपरविजन में थाना प्रभारी ईश्वरचंद के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए स्थायी गिरफ्तारी वारंटी सुखराम गोदारा पुत्र फुसाराम जाट (45) निवासी बरसिंहसर को गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देशनोक थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर सुखराम गोदारा को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस टीम ने विधि से संघर्षरत एक बालक से संबंधित स्थायी गिरफ्तारी वारंट का भी निष्पादन किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ईश्वरचंद, सउनि भामूसिंह, कांस्टेबल मयाराम, सुरेन्द्र, राकेश तथा विशेष भूमिका में कांस्टेबल मुकेश का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











