श्रीडूंगरगढ टुडे 7 अक्टूबर 2026
क्षेत्र के गांव मोमासर के भोमिया जी महाराज मंदिर प्रांगण स्थित मैदान में आयोजित साप्ताहिक संगीतमय श्री राम कथा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। प्रयागराज से पधारे कथा वाचक पंडित संजय पाराशर महाराज के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही रामकथा की रसधार में पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
गत 3 अक्टूबर से प्रारंभ हुई इस दिव्य कथा श्रृंखला में बुधवार को सीता-राम शुभ विवाह तथा श्री राम के वन गमन का मार्मिक प्रसंग सुनाया गया। कथा वाचक पंडित संजय पाराशर ने कहा कि सीता-राम विवाह का प्रसंग केवल एक धार्मिक कथा नहीं, बल्कि आदर्श गृहस्थ जीवन का मूल आधार है। जो भी श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक सीता-राम विवाह का प्रसंग सुनते हैं, उनके पारिवारिक जीवन और दांपत्य संबंधों में प्रेम, समर्पण व सामंजस्य बढ़ता है।
समस्त ग्रामवासियों का सहयोग, श्रद्धालु ले रहे कथा का आनंद
यह धार्मिक आयोजन समस्त ग्रामवासी मोमासर के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है। बुधवार के कार्यक्रम में कथा के मुख्य यजमान श्री गिरधारी सिंह मोहिल रहे। कथा मंडप में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें व क्षेत्रवासी उपस्थित होकर कथा श्रवण कर रहे हैं और पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।













