श्रीडूंगरगढ़ टुडे 9 अक्टूबर 2026
ग्राम मोमासर के वार्ड नंबर 11 (टंकी बास) के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पिछले 3 वर्षों से लगातार बनी लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर ओवरलोड की गंभीर समस्या का आखिरकार स्थायी समाधान हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्डवासी लंबे समय से बिजली की किल्लत और कम वोल्टेज के कारण परेशान थे। इस समस्या के निस्तारण के लिए समाजसेवी अशोक कुमार पटावरी की अगुवाई में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JDVVNL) के उच्चाधिकारियों को औपचारिक शिकायत प्रेषित की गई।
गत 07 सितंबर 2026 को सहायक अभियंता (AEN), द्वितीय कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ को रजिस्टर्ड डाक द्वारा पत्र भेजा गया, जिसकी प्रतिलिपि जिला कलेक्टर बीकानेर को भी सौंपी गई। इसके साथ ही राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी ऑनलाइन दर्ज करवाकर मामले को प्रमुखता से उठाया गया।
इस पूरे जनहित कार्य में समाजसेवी अशोक पटावरी के नेतृत्व के साथ-साथ देवाराम सारण एवं दानाराम बेरा का भी सराहनीय व सक्रिय सहयोग रहा।
सभी के एकजुट और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप जोधपुर डिस्कॉम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वार्ड की विद्युत व्यवस्था में सुधार किया गया, जिससे 3 साल पुराने संकट से ग्रामीणों को निजात मिली। समस्या का समाधान होने पर समस्त वार्डवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अशोक कुमार पटावरी, देवाराम सारण एवं दानाराम बेरा का सहृदय आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया












