श्रीडूंगरगढ़ टुडे 9 अक्टूबर 2026
क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला वन अधिकारी (DFO) जी. वेंकटेश के निर्देशन में वन विभाग ने ताबड़तोड़ अभियान चलाते हुए एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शुक्रवार को टीम ने अवैध लकड़ी से लदे छह वाहनों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग की यह कार्रवाई बिग्गा-तोलियासर ग्रामीण मार्ग, जेतासर के पास, झंवर बस स्टैंड और सरदारशहर रोड पर की गई। क्षेत्रीय वन अधिकारी मक्खनलाल शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने नाकेबंदी कर रोहिड़ा, खेजड़ी, बेर और कुमठा की लकड़ी से भरे एक ट्रक, तीन पिकअप और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके से जब्त किया।
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस व वन विभाग ने विनोद कुमार (निवासी पल्लू), भवानी प्रकाश (निवासी टेऊ सूडसर), प्रभुराम (निवासी नुआं) और पूनमचंद (निवासी बिग्गा) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य नाबालिग को निरूद्ध किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस पूरी कार्रवाई में सहायक वनपाल धनपत बाना, वनरक्षक गिरधारी मदेरणा, किशोर गोदारा, नरेंद्र सिंह, मोहर सिंह और लोकेश मीणा शामिल रहे।
क्षेत्रीय वन अधिकारी मक्खनलाल शर्मा ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों और अवैध तरीके से लकड़ी का परिवहन करने वालों के खिलाफ विभाग का यह सख्त रुख आगे भी जारी रहेगा।












