श्रीडूंगरगढ़: थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत से घर लौट रही एक महिला और उसकी नाबालिग भानजी के साथ दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ और बदसलूकी करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 12 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे की है। पीड़िता अपनी 13 वर्षीय भानजी के साथ खेत से पैदल अपने घर लौट रही थी। रास्ते में गांव की एक दुकान के पास दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ अद्र्धता व गंदी हरकतें शुरू कर दीं।
आरोपियों ने हद पार करते हुए बालिका का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने बीच-बचाव कर अपनी भानजी को छुड़ाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की।
परिजनों को दी जानकारी और पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद घबराई पीड़िता ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग सचेत होने लगे। शोर सुनकर आरोपी मौके से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घर पहुंचकर पीड़िता ने रोते हुए पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन तुरंत पीड़िता के साथ थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











