श्रीडूंगरगढ टुडे 15 अक्टूबर 2026
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर इन दिनों चारों ओर माता के जयकारे गूंज रहे हैं। प्रसिद्ध धाम करणी माता के दर्शन और धोक लगाने के लिए क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के प्रायः सभी गांवों से देशनोक के लिए पैदल यात्री संघ लगातार रवाना हो रहे हैं, इसी कड़ी में श्रीडूंगरगढ़ शहर से भी आधा दर्जन से अधिक पैदल संघ रवाना हो चुके हैं।
गुरुवार सुबह कालूबस स्थित पाराशर मंदिर से देशनोक पैदल यात्री संघ पूरी धूमधाम के साथ रवाना हुआ। यात्रा की शुरुआत से पहले मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात भक्तों ने हाथ में लाल ध्वजा थामकर और माता के जयकारे लगाते हुए अपनी पदयात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रियों को उत्साह के साथ विदा करने के लिए क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विकास मंच संयोजक शूरवीर मोदी, सुशील पारीक, मोहित आसोपा, हंसराज नाई और गणेश स्वामी ने सभी पदयात्रियों को फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें विदा किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी, शुभचिंतक और पदयात्रियों के परिजन उपस्थित रहे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया।













