श्रीडूंगरगढ टुडे 15 अक्टूबर 2026
इंडियन यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर हरिराम शर्मा के निर्वाचित होने के बाद क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इसी खुशी में 14 अक्टूबर 2026 को एक भव्य विजय रैली का आयोजन किया गया। सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में लगभग 50 से 60 गाड़ियों का काफिला शामिल रहा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी, युवा और समर्थक मौजूद रहे।

विजय रैली जयपुर से रवाना होकर सीकर, फतेहपुर, रतनगढ़, कितासर, बिग्गा बास रामसरा, बिग्गा और सतलेरा होते हुए श्रीडूंगरगढ़ पहुंची। यहां घुमचक्कर और अनाज मंडी सहित विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए रैली बाना के रास्ते रिड़ी पहुंची

इस दौरान रास्ते में जगह-जगह समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत कर हरिराम शर्मा को नई जिम्मेदारी की बधाई दी।

प्राथमिकताएं और संदेश
इस अवसर पर नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष हरि राम शर्मा ने सभी ग्रामवासियों, युवाओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि जनसेवा का एक बड़ा अवसर है।
शर्मा ने कहा: “मेरी प्राथमिकता युवाओं को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों पर पूरी निष्ठा के साथ काम करना रहेगा। संगठन को मजबूत करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है युवाओं की आवाज को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।”
रैली के आयोजन में सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ सहित समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहा।















