श्रीडूंगरगढ टुडे 17 अक्टूबर 2026
श्रीडूंगरगढ़। विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें योग से जोड़ने के उद्देश्य से जीवनसार वेलनेस सेंटर (प्राकृतिक चिकित्सालय), श्रीडूंगरगढ़ के तत्वावधान में श्री कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में तीन दिवसीय सूर्य नमस्कार एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
स्वस्थ जीवन और योग का महत्व
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अवधेश स्वामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बचपन से ही अच्छी आदतों को अपनाकर स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव रखी जा सकती है। नियमित सूर्य नमस्कार और अनुशासित दिनचर्या विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक विकास में अत्यंत सहायक है।
इस दौरान योगाचार्य प्रिया एवं उमेश ने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार के सभी चरणों का प्रायोगिक प्रदर्शन करवाते हुए योगाभ्यास की सही विधियों की बारीकियां सिखाईं। विद्यालय की प्राचार्या विमला गुर्जर ने डॉ. अवधेश स्वामी का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा विद्यार्थियों को इन स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सभी विद्यालयों में चलेगा अभियान
इस अवसर पर डॉ. अवधेश स्वामी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि जीवनसार वेलनेस सेंटर द्वारा श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सभी स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, योग और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद और सही जीवनशैली अपनाकर आज की जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है।
- संचालित: तोलविका फाउंडेशन, श्रीडूंगरगढ़
- संदेश: “स्वस्थ विद्यार्थी, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज — यही जीवनसार वेलनेस सेंटर का संकल्प है।”














