श्रीडूंगरगढ टुडे 22 अक्टूबर 2026
कस्बे की दीनदयाल कॉलोनी में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा एवं दुर्लभ सत्संग का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। शिवजी मंदिर से कथा स्थल तक निकली कलश यात्रा के साथ क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना।

कथा वाचक ब्रह्मचारी संत श्रीगोविंददास जी महाराज ने प्रथम दिन रामकथा का माहात्म्य सुनाते हुए कहा कि रामकथा हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। प्रभु श्रीराम ने पिता, भाई, पत्नी, माता और यहां तक कि सेवक के प्रति भी अपने व्यवहार से आदर्श स्थापित किए हैं। महाराज ने कहा कि रामकथा के नौ दिनों में श्रद्धालु मुस्कुराकर जीवन जीने और आदर्श गृहस्थ बनने की प्रेरणा प्राप्त कर सकते हैं। संगीतमय कथा के दौरान रामभक्ति के अनेक भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया

आयोजन 30 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें ऋषिकेश के ब्रह्मचारी संत श्री गोविन्ददासजी महाराज व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान करवाएंगे।

आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन दोपहर 12:15 से शाम 4:15 बजे तक श्रीराम कथा होगी। इसके साथ ही प्रतिदिन सुबह 5 से 6:30 बजे तक प्रार्थना एवं प्रभात फेरी तथा रात 8 से 10 बजे तक नित्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं को कथा और सत्संग के माध्यम से धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक जीवन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
30 अक्टूबर को होगी पूर्णाहुति


नौ दिवसीय आयोजन का समापन 30 अक्टूबर को शाम 5 बजे पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा। कथा स्थल दीनदयाल कॉलोनी, झंवर बस स्टैंड, श्रीडूंगरगढ़ में रखा गया है। आयोजन ठाकुरजी महाराज के सान्निध्य में समस्त दीनदयाल कॉलोनीवासियों एवं सहयोगियों की ओर से किया जा रहा है।











