श्रीडूंगरगढ टुडे 25 सितंबर 2026
श्रीडूंगरगढ़। सेसोमूं स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ का 26वाँ वार्षिकोत्सव रविवार को उत्साह, उमंग एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह की थीम ‘साधना – लक्ष्य प्राप्ति के लिए समर्पित प्रयास’ रही। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह में भारतीय संस्कृति, परंपरा, आधुनिकता और जीवन मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश-सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्रारंभ में विद्यालय की वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने संबोधन में अतिथियों एवं अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए वार्षिकोत्सव में उनकी सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता एवं पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अनिल कुमार छंगाणी की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेसोमूं स्कूल के पूर्व छात्र एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रमोद भोभरिया (RAS) एवं श्रीडूंगरगढ़ के तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा (RTS) ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष नारायण कलानी ने कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, योग एवं संगीत की विविध प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों की नृत्य-नाटिका से लेकर विभिन्न कक्षाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों तक प्रत्येक कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह, आत्मविश्वास और कलात्मक प्रतिभा देखने को मिली।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत महाकाली-रक्तबीज संहार ने पौराणिक प्रसंग को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। सामूहिक नृत्य, ‘ऐसी लागी लगन…’ नृत्य नाटिका, हिंदी नाटक, डिफेंस डांस, मारवाड़ी नाटक ‘घर कियां टूटे’, समकालीन नृत्य, राजस्थानी लोकनृत्य, योग प्रदर्शन, वाद्य संगीत एवं आकर्षक ग्रांड फिनाले ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन की झलक दिखाई दी।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. अनिल कुमार छंगाणी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कार्यक्रम की भव्यता एवं सुव्यवस्थित आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए इस शानदार आयोजन के लिए विद्यालय के चेयरमैन श्री जे.पी. मूंधड़ा को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए किया जाने वाला यह प्रयास किसी साधना से कम नहीं है। उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों और रचनात्मक गतिविधियों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने-अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर परिश्रम करने तथा अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रतिभा के साथ साधना, अनुशासन और समर्पण भी आवश्यक हैं।

विद्यालय के प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समापन अवसर पर एकेडमिक को-ऑर्डिनेटर श्री फरियाद अली काजी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राकेश मूंधड़ा, नीता मूंधड़ा, अजीतसिंह परिहार, घनश्याम गौड़, रामनिवास बेनीवाल, बबीता प्रधान, महावीर माली, सुभाषचंद्र शास्त्री, मंजू शास्त्री, कृष्णा गहलोत, बालकराम शर्मा, लक्ष्मीनारायण भादू, गजानंद सेवग, अर्जुन जैन सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।














