श्रीडूंगरगढ टुडे 28 अक्टूबर 2026
पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में 77 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। वहीं, लूणकरणसर में 82 और रीड़ी पंचायत समिति में 67 प्रत्याशी मैदान में हैं। तीनों पंचायत समितियों की 63 सीटों के लिए अब कुल 226 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
सोमवार को नाम वापसी के अंतिम दिन लूणकरणसर पंचायत समिति में 15, रीड़ी में 6 और श्रीडूंगरगढ़ में 5 अभ्यर्थियों ने नामांकन वापस लिए। इसके बाद तीनों पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो गई है।
3 नवंबर को पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 2 नवंबर को मतदान दल रवाना होंगे। पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
पंच-सरपंच के लिए 5 नवंबर को वोटिंग
पंच एवं सरपंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।











