श्रीडूंगरगढ टुडे 31 अक्टूबर 2026
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ताल मैदान, श्रीडूंगरगढ़ में विद्यालय कर्मचारी मंगीलाल जमादार के 35 वर्ष की गौरवपूर्ण एवं सराहनीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर एक भव्य एवं भावभीना सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य नाजिमा अजीज ने की।
विद्यालय परिवार द्वारा वॉशिंग मशीन भेंट कर किया गया अनूठा सम्मान
समारोह के दौरान विद्यालय स्टाफ की ओर से मंगीलाल जमादार का साफा पहनाकर, शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया। इस अवसर पर विशेष आकर्षण के रूप में विद्यालय स्टाफ द्वारा उन्हें वॉशिंग मशीन भी भेंट की गई, जो उनके प्रति विद्यालय परिवार के अगाध स्नेह, सम्मान एवं आत्मीयता का अनूठा प्रतीक रही। विद्यालय परिवार ने उनके दीर्घ सेवाकाल के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने सराहा सेवाकाल
समारोह में वक्ताओं ने मंगीलाल जमादार की 35 वर्षों की लंबी एवं निष्ठावान सेवाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय के प्रति पूरी ईमानदारी, लगन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। उनके सेवाकाल के योगदान को विद्यालय परिवार ने सदैव स्मरणीय बताया तथा उनके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएं दीं।
समारोह में मंगीलाल जमादार के गांव से पधारे परिजन तथा विद्यालय के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने उनके कार्यकाल से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए। एक भावुक और आत्मीय माहौल में विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी मंच संचालन व्याख्याता कमल किशोर पीपलवा द्वारा किया गया। संपूर्ण समारोह अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।
इस गरिमामयी समारोह में लाडेरा प्राचार्य मनीष सैनी, उप प्राचार्य मदन कड़वासरा, उप प्राचार्य दीपक चौधरी, उप प्राचार्य सोमेंद्र, व्याख्याता राजवीरेंद्र सिंह, बिशन शर्मा, पुष्पा शर्मा, सुखाराम रेगर, राधेश्याम रेगर, नंदकिशोर सैनी, कविता जानू, कुसुम, सुरभि, दीपा शर्मा, तोलाराम, मुरली सैनी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं मंगीलाल जमादार के परिजन उपस्थित रहे।













