श्रीडूंगरगढ टुडे 1 नवंबर 2026
गांव बिग्गा में दिवंगत रेवंतराम शर्मा और वीरेंद्र सारस्वत (विक्की) की प्रथम पुण्यतिथि पर कल 2 नवंबर, सोमवार को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर गांव के बड़ा बास स्थित तावणिया पंचायत भवन में सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें रक्त संग्रहण के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल की विशेष चिकित्सा टीम पहुंचेगी।
दोनों युवाओं की स्मृति में आयोजित इस मानवीय पहल का उद्देश्य जरूरतमंद और असहाय मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना है।
शिविर को लेकर रविवार को शिविर के पोस्टर का विमोचन आपणो गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के सेवादारों द्वारा किया गया। इस दौरान समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहें। समिति सदस्यों ने युवाओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है
युवाओं और ग्रामीणों में दिख रहा है भारी उत्साह
ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से आयोजित इस शिविर को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने बिग्गा सहित आसपास के तमाम गांवों में भी रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाते हुए बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
गांव के सक्रिय युवा किशन सारस्वत ने विशेष अपील करते हुए क्षेत्र के सभी ग्रामीणों, युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और युवतियों से भी बड़ी संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और मानव सेवा में अपना अमूल्य सहयोग देने का आग्रह किया है। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा कर सकता है।












