श्रीडूंगरगढ टुडे 25 अक्टूबर 2026
ग्राम पंचायत धीरदेसर पुरोहितान में सरपंच पद की प्रत्याशी श्रीमती मंजू देवी के सरपंच प्रतिनिधि योगगुरु ओम प्रकाश कालवा ने एक अनूठी पहल करते हुए बिना एक रुपया खर्च किए चुनाव लड़ने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनबल, ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को मजबूत करना है, ताकि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने।
योगगुरु ओम प्रकाश कालवा ने कहा कि वे ग्राम पंचायत की देवतुल्य जनता के विश्वास, आशीर्वाद और समर्थन के आधार पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। उनका संकल्प है कि चुनाव में धनबल, दिखावे और प्रलोभन के बजाय जनविश्वास एवं सेवा को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने अपने स्वर्गीय पूज्य पिताजी फुसाराम कालवा की पावन स्मृति में घोषणा की कि यदि ग्राम पंचायत की जनता उन्हें विजयश्री प्रदान करती है, तो वे ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के लिए ₹21,00,000 (इक्कीस लाख रुपये) लगाने का संकल्प पूरा करने की दिशा में कार्य करेंगे।
कालवा ने कहा कि गाँव का विकास किसी एक व्यक्ति या परिवार का नहीं, बल्कि समस्त ग्रामवासियों का साझा लक्ष्य होना चाहिए। उनकी प्राथमिकताओं में सड़क एवं आधारभूत सुविधाएँ, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के लिए अवसर, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम पंचायत की समग्र प्रगति शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि ऐसी मिसाल कायम करना है, जहाँ राजनीति का आधार धनबल नहीं, जनबल हो; दिखावा नहीं, सेवा हो और व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं, बल्कि पूरे गाँव का विकास सर्वोपरि हो। हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियाँ गर्व से कहें कि हमारे गाँव में जनसेवा और विकास को केंद्र में रखकर एक नई पहल की गई थी।”
योगगुरु ओम प्रकाश कालवा ने ग्राम पंचायत धीरदेसर पुरोहितान के सभी ग्रामवासियों से अपील की कि वे गाँव के उज्ज्वल भविष्य, आपसी भाईचारे और विकास की भावना को प्राथमिकता दें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
उन्होंने अंत में कहा कि “आपका आशीर्वाद हमारी ताकत, आपका विश्वास हमारी पूँजी और गाँव का विकास हमारा लक्ष्य है। हमारा नारा है—पद नहीं, सेवा का संकल्प; धनबल नहीं, जनबल की राजनीति।”












