श्रीडूंगरगढ़ टुडे 10 अक्टूबर 2025
इस बार दीपावली पर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में भी रौनक देखने को मिलेगी। शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी करते हुए सभी सरकारी स्कूलों को दीपावली और दीपोत्सव के अवसर पर रोशनी व सजावट से जगमगाने के आदेश दिए हैं।
18 अक्टूबर से लगातार रहेगी लाइटिंग
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने आदेश में कहा है कि 18 अक्टूबर से लेकर दीपावली तक सभी स्कूलों की बिल्डिंग पर लाइटिंग की जाएगी। इससे पहले 17 अक्टूबर तक साफ-सफाई और रंग-रोगन अभियान पूरा कर लिया जाएगा। दीपोत्सव के सभी दिनों में स्कूलों को आकर्षक रूप में सजाया जाएगा।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मौका
निदेशक जाट ने यह भी कहा है कि स्कूल परिसर में पेंटिंग का कार्य स्थानीय चित्रकारों से ही करवाया जाए, ताकि उन्हें रोजगार का अवसर मिल सके और स्कूलों की दीवारें स्थानीय कला से सज सकें।
बिना अतिरिक्त बजट के सजेंगे स्कूल
इस पहल के लिए सरकार ने कोई अतिरिक्त बजट जारी नहीं किया है। स्कूलों को अपने स्टूडेंट फंड, समसा बजट या बैंक ब्याज राशि से ही खर्च करना होगा।
सीनियर सैकंडरी स्कूल- स्टूडेंट फंड की राशि का उपयोग कर सकेंगे।
प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूल- समसा बजट व ब्याज राशि से खर्च कर सकेंगे।
इसके साथ ही सामाजिक संस्थाओं से सहयोग लेने की भी अनुमति दी गई है।
रंगों की तय होगी पहचान
राज्यभर के सैकंडरी और सीनियर सैकंडरी स्कूलों का रंग एक समान रहेगा, जबकि प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों के लिए अलग रंग निर्धारित किया गया है। शिक्षा विभाग ने इसके लिए रंगों की सूची भी जारी की है।
हर दिन देनी होगी प्रगति रिपोर्ट
सभी स्कूल प्रिंसिपल को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे काम की दैनिक रिपोर्ट अपने उच्चाधिकारियों को भेजें। साथ ही स्कूल की पहले और बाद की तस्वीरें भी रिकॉर्ड में रखी जाएंगी, ताकि साफ-सफाई और साज-सज्जा के वास्तविक परिणाम दिख सकें।




