श्रीडूंगरगढ़ टुडे 2 फरवरी 2026
सोमवार को विश्व आर्द्रभूमि दिवस 2026 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं आर्द्रभूमियों के महत्व के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रेलवे स्टेशन श्रीडूंगरगढ़ तथा रूपा देवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, श्रीडूंगरगढ़ में क्विज एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आर्द्रभूमियों के संरक्षण, उनके पारिस्थितिक महत्व, जल संरक्षण तथा जैव विविधता से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। रेंज स्टाफ द्वारा बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए आर्द्रभूमियों की भूमिका, उनके संरक्षण की आवश्यकता तथा दैनिक जीवन में जल संसाधनों के संरक्षण के उपायों पर सरल एवं रोचक ढंग से चर्चा की गई।
क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समझ व रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति और अधिक उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन आर्द्रभूमियों के संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने का संदेश दिया।








