श्रीडूंगरगढ टुडे 25 अगस्त 2026
नगरपालिका चुनावों की सुगबुगाहट के साथ ही शहर की राजनीति गर्माने लगी है। वार्डों में टिकट पाने की जोड़-तोड़ से लेकर चुनावी रणनीतियों तक के दौर दिन से शुरू होकर देर रात तक चल रहे हैं। कई दावेदार मुख्य राजनीतिक दलों से उम्मीद लगाए बैठे हैं, तो कुछ निर्दलीय या अन्य मंचों से चुनाव लड़ने का संकेत दे रहे हैं। इसी बीच चुनावी चर्चाओं में यह बात भी सामने आ रही है कि निकाय प्रमुख पद तक पहुंचने की रणनीति के तहत इस बार कुछ बड़े राजनेता भी पार्षद का चुनाव लड़ सकते हैं।
विकास मंच का प्रचार प्रसार जोर शोर से
वहीं विकास मंच दोनों दलों को कड़ी टक्कर देने की तैयारी कर रहा है। मंच के कार्यकर्ता वार्ड वार्ड पहुंच रहें है। ये प्रत्याशी के साथ वन टू वन प्रचार को तेज कर रहें है। कार्यकर्ता घूम घूम कर प्रत्याशी भी फाइनल कर रहें है। वार्ड 18 में विकास मंच की बैठक देर रात तक चलती रही वार्डवासियों की मीटिंग में परमेश्वर गोदारा को अपना उम्मीदवार चुने जाने की जानकारी मिल रही है।


वार्ड 22: मंथन कार्यालय में उमड़ी भीड़
वार्ड नंबर 22 में स्थापित ‘मंथन कार्यालय’ में लगातार तीसरे दिन भी वार्डवासियों और दावेदारों की आवाजाही बनी रही। दावेदार अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं को रिझाने के लिए योग्यता और आगामी विकास कार्यों का खाका पेश कर रहे हैं। इस दौरान अध्यक्ष रामसिंह राजपूत ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वार्डवासी ऐसे उम्मीदवार का सहयोग करें जो वार्ड के सर्वांगीण विकास और हित के बारे में सोचे।

वार्ड 30: बरड़िया परिवार की राजनीतिक विरासत की चर्चा
उधर वार्ड नंबर 30 में हेमराज बरड़िया की दावेदारी की जोर-शोर से चर्चा हो रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में वार्डवासियों ने उनकी पुत्री को पार्षद चुनकर पालिका भेजा था, जबकि इससे पूर्व उनके पिता भी पालिकाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब हेमराज बरड़िया के मैदान में उतरने की तैयारी से वार्ड में उनके परिवार की राजनीतिक पकड़ और विरासत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जैसे-जैसे टिकटों के वितरण और नामांकन की तारीखें नजदीक आ रही हैं, शहर के वार्डों में चुनावी मुकाबले के समीकरण और रंग अधिक स्पष्ट होने लगे हैं।



