श्रीडूंगरगढ़ टुडे 18 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान योग प्रशिक्षक महासंघ के प्रदेश संरक्षक योगाचार्य ओम प्रकाश कालवा ने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर आयुष विभाग द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र) पर आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में योग प्रशिक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी।
कालवा ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर योग दिवस आयोजन का कार्य सीएचओ को सौंपे जाने से प्रदेशभर के प्रशिक्षित एवं बेरोजगार योग प्रशिक्षकों में निराशा का माहौल था। इसके विरोध में राजस्थान योग प्रशिक्षक महासंघ ने प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर सैकड़ों ज्ञापन सौंपे तथा विभाग के समक्ष योग प्रशिक्षकों के हितों की मजबूती से पैरवी की। महासंघ के निरंतर प्रयासों और संघर्ष का परिणाम है कि विभाग ने योग प्रशिक्षकों की भूमिका को पुनः मान्यता देते हुए उनकी सेवाएं लेने के निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि विभागीय आदेश क्रमांक 150 दिनांक 13 जून 2025 के अनुसार योग दिवस कार्यक्रम में सेवाएं देने वाले योग प्रशिक्षकों को ₹1000 पारिश्रमिक भी प्रदान किया जाएगा। जिन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर पहले से योग प्रशिक्षक कार्यरत हैं, वहां उन्हीं के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि अन्य केन्द्रों पर योग्य योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति कर कार्यक्रम संपन्न करवाया जाएगा।
इस उपलब्धि पर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष योगाचार्य रामावतार यादव, प्रदेश महासचिव योगाचार्य रविन्द्र सिंह गुर्जर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष योगाचार्य राकेश कुमार तूनवाल सहित समस्त प्रदेश टीम ने संतोष व्यक्त किया है। महासंघ पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक आदेश नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों योग प्रशिक्षकों के सम्मान, अधिकार और संघर्ष की जीत है।
योगाचार्य ओम प्रकाश कालवा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के बाद महासंघ द्वारा प्रदेश के बेरोजगार योग प्रशिक्षकों को स्थायी रोजगार दिलाने के लिए आगामी रणनीति तैयार की जाएगी तथा सरकार के समक्ष उनकी मांगों को और अधिक मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ, निरोगी राजस्थान के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।




