श्रीडूंगरगढ़ टुडे 25 जून 2026
ग्राम पंचायत कितासर भाटियान स्थित करीब 400 वर्ष पुराने श्री करणी माता रोहिड़ा धाम तक पहुंचने की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है। राजस्व रिकॉर्ड में मार्ग दर्ज नहीं होने के कारण मंदिर तक सड़क निर्माण संभव नहीं हो पा रहा था, लेकिन प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग को “गैर मुमकिन रास्ता” घोषित कर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कर दिया है। इससे अब मंदिर तक सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान ग्राम पंचायत कितासर भाटियान के सरपंच भंवरलाल पूनियां ने यह मुद्दा प्रशासन के समक्ष उठाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा के नेतृत्व में राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद आवश्यक राजस्व प्रक्रिया पूरी कर मार्ग को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।

मार्ग नहीं होने से सड़क निर्माण में आ रही थी बाधा
ग्रामीणों के अनुसार रोहिड़ा धाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हालांकि राजस्व रिकॉर्ड में रास्ता दर्ज नहीं होने से मंदिर तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था। इसके कारण श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती थी।
अब मिलेंगे ये लाभ
- मंदिर तक पहुंच का वैधानिक मार्ग सुनिश्चित हुआ।
- सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ।
- श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
- धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
- क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
- ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने इस कार्रवाई पर राजस्थान सरकार, जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग का आभार जताया है। उनका कहना है कि रास्ता दर्ज होने से अब मंदिर तक सड़क निर्माण का सपना साकार हो सकेगा और भविष्य में धाम के विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।







