श्रीडूंगरगढ़ टुडे 2 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के कालूबास वार्ड नं. 01–02 में पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। इस संबंध में तारा सिंह ओड ने उपखंड अधिकारी (SDM) श्रीडूंगरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग उठाई। साथ ही जिला कलेक्टर बीकानेर को भी डाक के माध्यम से शिकायत भेजी गई।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड में स्थित भोमदासजी बगेची के पास बने वॉटर वर्क्स (ट्यूबवेल) से होने वाली पेयजल आपूर्ति अनियमित है। कई बार देर रात पानी छोड़ा जाता है, जिससे अधिकांश परिवार पानी का संग्रह नहीं कर पाते। वहीं कई बार बिना सूचना के जलापूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तारासिंह ओड, संदीप भारतीय, प्रह्लाद, सुरेश, धन्नाराम, श्याम सुंदर, कमल, सुभाष ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि जलदाय विभाग के नियुक्त कर्मचारी एवं ठेकेदार की लापरवाही के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। पूर्व में भी कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे मोहल्लेवासियों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा वार्ड में नियमित और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।





