श्रीडूंगरगढ़ टुडे 4 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ वन विभाग ने धोलिया रोड स्थित सुनारों की जोहड़ी वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और वन उपज के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। मामले में आरोपी के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर 27 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष चंद्र वर्मा के नेतृत्व और सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने वन क्षेत्र के भीतर कुत्तर (लकड़ी चिप्स) बनाने की मशीन लगाकर पेड़ों की कटाई करते हुए वन उपज तैयार किए जाने का मामला पकड़ा।
वन विभाग के अनुसार आरोपी बीरबलराम पुत्र हड़मानाराम, निवासी कल्याणसर पुराना (श्रीडूंगरगढ़) के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई। अवैध वन उपज के परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर 27 हजार रुपए का अर्थदंड वसूला गया। जुर्माना जमा कराने के बाद वाहन को नियमानुसार सुपुर्द कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी पक्ष ने स्थानीय लोगों की भीड़ जुटाकर वन विभाग की कार्रवाई में व्यवधान डालने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस का सहयोग लिया गया, जिसके बाद कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी की गई।
कार्रवाई में वनपाल हरिकिशन, सहायक वनपाल रामकुमार, वनरक्षक लोकेश मीणा, वनरक्षक सुभाष सहित वन विभाग के अन्य कार्मिक शामिल रहे।
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि वन क्षेत्रों में अवैध कटाई और वन उपज के अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







