श्रीडूंगरगढ टुडे 13 अगस्त 2026
बुधवार रात क्षेत्र में बादल जमकर बरसे और कस्बे में सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 65 एमएम बरसात हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई और उमस से परेशान लोगों को राहत महसूस की। शहर में जनजीवन व्यापक रूप से प्रभावित हुआ तेज बारिश के चलते शहर के वार्ड नंबर 35 में एक मकान में पानी भर गया। सूचना मिलते ही नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची और पानी निकासी का काम शुरू किया। इसी दौरान अचानक मकान का एक हिस्सा ढह गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद नगरपालिका टीम ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद रजत आसोपा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और नगरपालिका टीम के साथ मिलकर राहत कार्य में सहयोग किया। आसोपा ने बताया कि शिवरतन वंग का मकान था। एहतियात के तौर पर उन्हें पहले ही घर से निकाल पड़ौस के घर में रुकवाया और उसके बाद पानी निकासी का कार्य शुरू किया था। तभी देखते ही देखते भरभराकर मकान का एक हिस्सा ढह गया। गनीमत रही कि जान- माल की कोई हानि नहीं हुई।बारिश के दौरान मकान का हिस्सा गिरने से कस्बेवासियों में भी चिंता का माहौल रहा। नगरपालिका टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालते हुए पानी निकासी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कीं।वहीं बिग्गाबास में पार्षद रामसिंह जागिरदार के वार्ड में सात नीचे के घरों में पानी भर गया और पालिका टीम ने पानी निकासी का कार्य किया। श्रीडूंगरगढ़ शहर में झंवर बस स्टैंड सहित मुख्य बाजार की कई गलियों में बारिश का पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दर्जनों घरों से लोग पानी निकालते हुए नजर आए।वहीं स्वास्थ्य निरीक्षक कमल चांवरिया, जमादार सुनील के साथ पालिका टीमें राहत कार्य में जुटी रही।






