श्रीडूंगरगढ टुडे 21 अगस्त 2026
सीमित संसाधनों के बावजूद श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल लगातार जटिल ऑपरेशन कर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसी क्रम में अस्पताल के चिकित्सकों ने पहली बार सफल स्किन ग्राफ्ट सर्जरी कर एक किसान के गंभीर रूप से घायल हाथ को बचाने में सफलता प्राप्त की है।

जानकारी के अनुसार, लिखमीसर उतरादा निवासी गणेशराम नायक पुत्र रामेश्वरलाल नायक, कृषि कार्य के दौरान मशीन की चपेट में आ गए थे। हादसे में उनके हाथ की त्वचा का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। गंभीर चोट के कारण हाथ की रिकवरी चुनौतीपूर्ण थी
अस्पताल के चिकित्सकों ने मामले का सफल उपचार करते हुए मरीज की जांघ से स्वस्थ त्वचा (स्किन ग्राफ्ट) लेकर उसे घायल हाथ पर प्रत्यारोपित किया। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल में इस प्रकार की यह पहली सफल स्किन ग्राफ्ट सर्जरी मानी जा रही है, जिसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस सफल ऑपरेशन में हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश गोदारा, एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. सुनील सहारण, नर्सिंग ऑफिसर गणेश कुमार, रेखा, रवीन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अस्पताल की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।




