श्रीडूंगरगढ़ टुडे 9 सितंबर 2026
नगरपालिका चुनाव 2026 में चुनावी सरगर्मियां और रोचकता अपने चरम पर पहुंच गई हैं। चुनाव प्रचार के आज अंतिम दिन शाम 5 बजे प्रचार का शोर थमने से पहले आज बुधवार सुबह विकास मंच द्वारा शहर में एक विशाल पैदल रैली निकाली जाएगी।
शहर के सभी 35 वार्डों में निर्दलीय के रूप में चुनावी मैदान में डटे और प्रमुख राजनीतिक दलों को कड़ी चुनौती दे रहे विकास मंच के कार्यकर्ता व युवा रैली के बाद एक आमसभा में हिस्सा लेंगे।
मंच के प्रवक्ता एडवोकेट प्रवीण पालीवाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे कालू बास स्थित नेहरू पार्क में सभी सेवादार, कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र होंगे। इसके बाद नेहरू पार्क से पैदल रैली रवाना होगी, जो शहर के मुख्य बाजार और घूमचक्कर मार्ग से होती हुई शहीद हेमू कालानी पार्क पहुंचेगी।
रैली के समापन पर शहीद हेमू कालानी पार्क में मंच के बैनर तले एक आमसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विकास मंच के पदाधिकारी व प्रत्याशी श्रीडूंगरगढ़ शहर के सर्वांगीण विकास और व्यवस्था परिवर्तन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे।



