श्रीडूंगरगढ़ टुडे 15 सितंबर 2026
नगरपालिका चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद अब शहर के नए पालिकाध्यक्ष (चेयरमैन) की तस्वीर साफ होने वाली है। निर्वाचन विभाग ने श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष पद के चुनाव का अधिकृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। रिटर्निंग अधिकारी व उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल की ओर से जारी लोक सूचना के अनुसार अध्यक्ष पद सामान्य (अनारक्षित) रहेगा। चुनाव की स्थिति में 21 सितंबर को निर्वाचित पार्षद नया पालिकाध्यक्ष चुनने के लिए वोट डालेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने से लेकर मतगणना की समय-सीमा तय कर दी गई है:
- नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि: 15 और 16 सितंबर (सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक)
- नामांकन स्थल: नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ कार्यालय स्थित सभा भवन (रिटर्निंग या सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष)
- नामांकन पत्रों की जांच: 17 सितंबर
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 18 सितंबर (दोपहर 3:00 बजे तक)
- मतदान की तिथि: 21 सितंबर (सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक)
- मतगणना एवं परिणाम: 21 सितंबर को मतदान समाप्ति के तुरंत बाद
- बहुमत न मिलने से बढ़ा सस्पेंस, जोड़-तोड़ तेज
नगरपालिका चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, जिससे पालिकाध्यक्ष की कुर्सी का मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और स्थानीय विकास मंच सहित अन्य निर्दलीय गुट अब गोटियां बैठाने में जुट गए हैं।
चेयरमैन पद पर कब्जा जमाने के लिए निर्दलीय पार्षदों की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है। शहर में राजनीतिक बैठकों, बाड़ेबंदी और समर्थन जुटाने का दौर तेजी से शुरू हो चुका है। देखना होगा कि 21 सितंबर को ऊंट किस करवट बैठता है



