श्रीडूंगरगढ़ टुडे 24 सितंबर 2026
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तोलियासर स्थित बाबा भैरवनाथ मंदिर में अनन्त चतुर्दशी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार रात बाबा का दिव्य श्रृंगार किया गया, वहीं संपूर्ण मंदिर परिसर को भव्य रोशनी और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया है।
परंपरागत रूप से इस वर्ष भी भीकमचंद सेठिया परिवार द्वारा शुक्रवार (अनन्त चतुर्दशी) के दिन ताजे फूलों की भव्य सजावट की जाएगी। सेठिया परिवार की ओर से पूरे परिसर में विशेष रोशनी व्यवस्था करवाई गई है।
महाभिषेक, छप्पन भोग और महाआरती का समय
- महाभिषेक व श्रृंगार: कल (गुरुवार) दोपहर बाबा का महाभिषेक और दिव्य श्रृंगार संपन्न होगा।
- छप्पन भोग व महाप्रसाद: शुक्रवार को पूजन व आरती के बाद सेठिया परिवार द्वारा बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही 6 क्विंटल लड्डू का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा।
- महाआरती: पुजारी विनोद सेवग ने बताया कि अनन्त चतुर्दशी (शुक्रवार) की मुख्य महाआरती सुबह 10:15 बजे आयोजित की जाएगी।
- पदयात्रियों और श्रद्धालुओं का उमड़ेगा जनसैलाब
उत्सव के चलते कल सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पदयात्रियों का तांता लगना शुरू हो जाएगा। बीकानेर, चूरू सहित दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में ‘जातरू’ बाबा के दर्शन और धोक लगाने पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर प्रशासन पूरी तरह तैयार है।



बिग्गा के प्रसिद्ध भैरव धाम में कल भरेगा मेला, 101 किलो रोटे का लगेगा भोग, रात्रि को होगा विशाल जागरण
श्रीडूंगरगढ़ टुडे 24 सितंबर 2026
क्षेत्र के निकटवर्ती गांव बिग्गा स्थित प्रसिद्ध भैरव धाम मंदिर में 25 सितंबर को 29वां वार्षिकोत्सव एवं विशाल धार्मिक उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में भव्य सजावट की गई है।
मंदिर के पुजारी भगवानाराम सेवग ने बताया कि अन्नत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह 10.30 बजे बाबा भैरवनाथ को 101 किलो रोटे का विशेष महाभोग लगाया जाएगा। उत्सव में क्षेत्र सहित दूर-दराज से आने वाले सैकड़ों पदयात्री और श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर मन्नतें मांगेंगे।
रात्रि में सजेगी भजनों की शाम
शुक्रवार रात्रि को मंदिर प्रांगण में विशाल भजन संध्या (जागरण) का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायिका आकृति मिश्रा एंड पार्टी द्वारा बाबा के भजनों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।



