श्रीडूंगरगढ़ टुडे 26 जून 2026
सामाजिक लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं पारदर्शिता सोसायटी (SSAAT), जयपुर तथा राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (NIRDPR), हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान एवं जिला परिषद बीकानेर के सहयोग से VB-GRAMG योजना अंतर्गत ब्लॉक संसाधन व्यक्तियों के सामाजिक अंकेक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन एवं क्षमता संवर्धन हेतु दो दिवसीय संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा), बीकानेर में हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय नोडल अधिकारी एवं मुख्य प्रशिक्षक नन्दलाल शर्मा, मुख्य प्रशिक्षक सुखविंद्र सिंह (जिला परिषद श्रीगंगानगर) तथा प्रशिक्षक सहयोगी ,मुकेश पुजारी (जिला परिषद हनुमानगढ़) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

प्रथम दिवस के प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक नन्दलाल शर्मा ने प्रतिभागियों को VB-GRAMG योजना की अवधारणा, शासन व्यवस्था, अधिनियम के प्रमुख प्रावधान, सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया, रोजगार गारंटी, समय-सीमाएँ, पंजीकरण प्रक्रिया, कार्य आवंटन, मजदूरी भुगतान, श्रमिक अधिकार, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा डिजिटल निगरानी प्रणाली सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने उदाहरणों, संवादात्मक शिक्षण पद्धति एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया।

वहीं मुख्य प्रशिक्षक सुखविंद्र सिंह ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक अंकेक्षण की कार्यप्रणाली, अभिलेखों का परीक्षण, वित्तीय प्रबंधन, जनभागीदारी तथा ग्राम स्तर पर संसाधन व्यक्तियों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान करते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
प्रशिक्षण को अधिक रोचक, सहभागितापूर्ण एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से प्रथम दिवस पूर्व ज्ञान परीक्षण (प्री-टेस्ट) आयोजित किया गया, जिससे प्रतिभागियों के प्रारंभिक ज्ञान का आकलन किया गया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को ग्रुप-ए एवं ग्रुप-बी में विभाजित कर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, समूह गतिविधियाँ, सहभागितापूर्ण अभ्यास एवं शिक्षण आधारित खेल आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना तथा विषय की गहन समझ विकसित करने का सफल प्रयास किया गया।

बाबूलाल गर्ग ने बताया कि प्रथम दिवस के दौरान निर्धारित सभी तकनीकी एवं व्यवहारिक सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुए। प्रशिक्षण में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए VB-GRAMG योजना एवं सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सक्रिय चर्चा की तथा प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
यह दो दिवसीय संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण ब्लॉक स्तर पर कार्यरत संसाधन व्यक्तियों की क्षमता वृद्धि करते हुए ग्रामीण विकास कार्यक्रमों में पारदर्शिता, जवाबदेही, जनसहभागिता एवं सामाजिक अंकेक्षण की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





