श्रीडूंगरगढ टुडे 23 अगस्त 2026
तेरापंथ भवन चेंबूर में युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी की विदुषी सुशिष्या साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी (ठाणा-6) के पावन सान्निध्य में तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप), चेंबूर द्वारा “रक्षाबंधन कार्यशाला” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व को आध्यात्मिक दृष्टिकोण और जैन संस्कार विधि के माध्यम से मनाने की प्रेरणा देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के उच्चारण और मंगल भावना यंत्र की स्थापना से हुआ। जैन संस्कारक मालचंद भंसाली ने व्यवस्थित विधि-विधान से राखी बांधने का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) दिया।
साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ने अपने प्रवचन में कहा कि रक्षाबंधन केवल लौकिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मा की रक्षा और शुद्धि का आध्यात्मिक अवसर है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को सर्वेन्द्रिय संयम का विशेष प्रयोग करवाया।
साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभाजी ने आत्मरक्षा व गृह-रक्षा कवच के मंत्र-जाप करवाए। इसके बाद साध्वीवृंद (साध्वी लावण्यप्रभाजी, साध्वी कुंदनयशाजी, साध्वी मुदितप्रभाजी एवं साध्वी मधुरप्रभाजी) ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया और अपने हाथों से निर्मित नौ प्रकार की विशेष राखियाँ श्रद्धालुओं को भेंट कीं।
कार्यशाला की सबसे बड़ी उपलब्धि श्रद्धालुओं द्वारा ली गई “त्याग की राखी” रही। साध्वीश्रीजी की प्रेरणा से लगभग 150 से अधिक भाई-बहनों ने जीवन में संयम और त्याग का संकल्प ग्रहण किया।
तेयुप चेंबूर के अध्यक्ष हिमांशु गन्ना और मंत्री कपिल मेहता ने बताया कि “जैनम्-जैनत्व हम घर-घर पहुँचाएंगे” संकल्प के तहत चेंबूर में जैन संस्कार विधि का प्रसार तेजी से हो रहा है। कार्यक्रम का संयोजन विरल चंडालिया ने किया। अंत में मंगलपाठ के साथ इस सफल आयोजन का समापन हुआ।
कार्यक्रम में तेयुप अध्यक्ष हिमांशु गन्ना, मंत्री कपिल मेहता, उपाध्यक्ष अरुण धाकड़, सहमंत्री मुकेश डूंगरवाल, निलेश राठौड़, ज्ञानशाला प्रशिक्षिका तारा आच्छा, महिला मंडल, तेरापंथ सभा ट्रस्ट, तेरापंथ सभा एवं समस्त चेंबूर श्रावक समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।






