श्रीडूंगरगढ़ टुडे 11 नवंबर 2026
दिवाली के ठीक दो दिन बाद मनाया जाने वाला भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक पावन पर्व ‘भाई-दूज’ (यम द्वितीया) बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ और आसपास के ग्रामीण अंचल में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में विशेष चहल-पहल देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों को घर आमंत्रित कर या उनके पास जाकर विधि-विधान से पूजा की। थाली में रोली, अक्षत, नारियल और मिठाइयों के साथ टीका सजाकर भाइयों के माथे पर तिलक कर उनकी सुख-समृद्धि, दीर्घायु और खुशहाल जीवन की मंगलकामना की। तिलक के बाद भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार, वस्त्र और शगुन भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा करने का वचन दिया।
पौराणिक महत्व:
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आज के ही दिन सूर्य देव की पुत्री यमुना जी ने अपने भाई यमराज को अपने घर भोजन कराया था और उनके माथे पर तिलक किया था। इससे प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया था कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के हाथ से तिलक करवाएगा, उसकी अकाल मृत्यु नहीं होगी। तभी से भाई-दूज का यह पर्व रक्षाबंधन की तरह ही भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का विशेष उत्सव बन गया है।
घरों में पारंपरिक पकवान बनाए गए और परिवारजनों ने साथ बैठकर खुशियां बांटीं। पूरे क्षेत्र में भैया दूज का पर्व पारिवारिक प्रेम, आत्मीयता और भाई-बहन के रिश्तों की मिठास के साथ मनाया गया।
बाजारों में भी इस अवसर पर अच्छी खासी रौनक नजर आई। मिठाई की दुकानों और गिफ्ट स्टोर्स पर सुबह से खरीदारों की भीड़ लगी रही।



















