श्रीडूंगरगढ टुडे 12 नवंबर 2026
श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर सामाजिक व माकपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम पत्र लिखकर श्रीडूंगरगढ़ जिला अस्पताल में बंद पड़ी सोनोग्राफी एवं एक्स-रे मशीनों को तत्काल दुरुस्त करवाने तथा ट्रोमा सेंटर का निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि श्रीडूंगरगढ़ जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन करीब एक साल से खराब पड़ी है, वहीं एक्स-रे मशीन भी पिछले एक महीने से खराब चल रही है। इन मशीनों को ठीक करवाने के लिए पूर्व में अनेक बार लिखित शिकायतें एवं ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कॉमरेड हरिप्रसाद सिखवाल ने बताया कि श्रीडूंगरगढ उपजिला अस्पताल में सोनोग्राफी और एक्सरे मशीन लंबे समय से खराब पड़ी हैं। ऐसे में जिला अस्पताल में मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में घायलों और मरीजों को दिक्कतें झेलनी पड़ती व निजी अस्पताल की तरफ रुख करना पड़ता है।
25 करोड़ की स्वीकृति के बावजूद ट्रोमा सेंटर निर्माण का इंतजार
ज्ञापन में गुसाईंसर बड़ा में मुख्यमंत्री द्वारा ट्रोमा सेंटर का निर्माण कार्य शुरू करवाने का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापनकर्ताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा ट्रोमा सेंटर निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की कि श्रीडूंगरगढ़ में जिला अस्पताल एवं प्राइमरी ट्रोमा सेंटर के भवन निर्माण का कार्य चिन्हित स्थान पर शीघ्र शुरू करवाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से आमजन की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल की खराब मशीनों को तत्काल ठीक करवाने और ट्रोमा सेंटर निर्माण कार्य शुरू करवाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया।
इस दौरान कॉमरेड अशोक सारस्वत, हरिप्रसाद सिखवाल, गौरव टाडा, मदनलाल प्रजापत, गिरधारीलाल, गौरीशंकर, योगेश सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


